बिहार की बात, पटना। राज्य सरकार ने कायाकल्प अभियान के तहत बिहार के सभी जिलों को कुल 275 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। इस राशि से सरकारी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को 30 से 40 हजार रुपये, जबकि प्रत्येक उच्च विद्यालय को 50 हजार रुपये दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने राशि के उपयोग को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के अनुसार, 30 अक्टूबर से पहले सभी विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित कर प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी देना अनिवार्य होगा। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया है। कायाकल्प अभियान के तहत उपलब्ध राशि से विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जा सकेंगे। विभाग ने विद्यालय प्रबंध समितियों की बैठक में प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी देने पर जोर दिया है, ताकि राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप किया जा सके।








