Google search engine
Home मुजफ्फरपुर वैशाली सांसद ने ली संज्ञान, सिसवा पोखर में दूषित पानी के प्रवाह...

वैशाली सांसद ने ली संज्ञान, सिसवा पोखर में दूषित पानी के प्रवाह पर रोक, जानिए..!

0
3

बिहार की बात, मुजफ्फरपुर। वैशाली की सांसद वीणा देवी ने फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी के सरकारी पोखर में प्रवेश की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए इसके प्रवाह पर रोक लगाने के लिए फैक्ट्री प्रबंधन को आवश्यक निर्देश देने की बात कही है। सांसद ने सोमवार को राजेपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह फोन पर शिकायत मिली थी कि फैक्ट्री का दूषित पानी आसपास के इलाकों में फैलने के साथ सरकारी पोखर में भी जा रहा है। शिकायत की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन को पोखर में दूषित पानी का प्रवेश रोकने का निर्देश दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी के पोखर में जाने से उसका पानी प्रदूषित हो गया है। आगामी छठ पर्व को देखते हुए स्थानीय लोगों और छठ व्रतियों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पोखर में छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में पानी के प्रदूषित होने की आशंका से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इस मामले में सांसद वीणा देवी और बरूराज विधायक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उल्लेखनीय है कि महवल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले भी दूषित पानी को लेकर शिकायत सामने आई थी। इसके बाद जनसंपर्क सूचना विभाग के सचिव सह बियाडा सचिव नवीन कुमार और उद्योग निदेशक आईएएस मुकुल गुप्ता ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। उस दौरान दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। आगामी छठ पर्व को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पोखर में दूषित पानी का प्रवेश तत्काल रोकने और पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

    विज्ञापन के लिए कॉल करें : 9431852163, संपादक विकाश गुप्ता

    NO COMMENTS

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here