बिहार की बात, कुमारखंड, मधेपुरा। मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत खुर्दा गांव में युवा शक्ति दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित खुर्दा महोत्सव में शुक्रवार की रात भोजपुरी गीतों की धूम रही। महोत्सव के दूसरे दिन भोजपुरी अभिनेता एवं गायक खेसारीलाल यादव, गायक रितेश पांडे, गायिका शिवानी सिंह और मगही गायक रौशन राही समेत अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजकों के अनुसार, रातभर चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में दो लाख से अधिक दर्शक शामिल हुए।

महोत्सव का आयोजन सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के संरक्षण में किया जाता है। पिछले 18 वर्षों में खुर्दा महोत्सव ने बिहार में अपनी अलग पहचान बनाई है। कार्यक्रम की शुरुआत गायिका शिवानी सिंह की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने एक से बढ़कर एक भोजपुरी गीत गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद रितेश पांडे ने अपनी गायकी से लोगों का मनोरंजन किया। मंच पर खेसारीलाल यादव के पहुंचते ही दर्शकों ने तालियां बजाकर और मोबाइल की रोशनी जलाकर उनका स्वागत किया। खेसारीलाल यादव ने अपने लोकप्रिय भोजपुरी फिल्मी गीतों और नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, मुंबई से आए कलाकारों ने रिकॉर्डिंग डांस प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद पप्पू यादव मंच के समीप बैठकर भीड़ को नियंत्रित करने और कलाकारों का उत्साह बढ़ाने में जुटे रहे। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दिलबाग झूला, राम झूला, ब्रेक डांस, बच्चों की रेलगाड़ी, जलपरी शो और मौत का कुआं आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। भव्य पूजा पंडाल, सजी-धजी दुकानें, पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता और आधुनिक झूलों का आनंद लेने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष श्यामनंदन प्रसाद, सचिव सह संयोजक विनोद यादव, सुशील कुमार यादव, अरविंद कुमार, दुखमोचन यादव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राहुल कुमार, गुड्डू यादव, नवीन कुमार पिट्टू, तेज नारायण यादव, वीरेंद्र प्रसाद साहा, कृष्ण कुमार यादव, मनोज यादव, मुकेश यादव, मोहम्मद इलियास, मंटू सिंह, सुशील कुमार सुमन, देवनारायण साह, रमेश कुमार रमण, अरुण कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिंह, अनिरुद्ध प्रसाद यादव, दीपक कुमार, नूर आलम, रणधीर कुमार, रतनदेव यादव, पिंटू यादव, प्रमोद राम, गौरव कुमार आनंद, रवि रंजन, जयप्रकाश मंडल और रामानंद ततमा सहित सैकड़ों युवा जुटे रहे। मौके पर थानाध्यक्ष रंजन कुमार, अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बलों के जवान भी व्यवस्था बनाए रखने में लगे रहे।


