बिहार की बात, मुजफ्फरपुर। नगर विधानसभा क्षेत्र के पश्चिमी नगर मंडल अंतर्गत वार्ड संख्या 13 के बूथ संख्या 83 पर रविवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आकाशवाणी कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड सुना। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण निषाद ने पूर्णिया के मखाना के विदेशों में निर्यात की चर्चा किए जाने पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और जमीनी हुनर को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। पूर्णिया के मखाना का उल्लेख होने से सीमांचल सहित पूरे बिहार के मखाना किसानों, प्रसंस्करणकर्ताओं और ग्रामीण उद्यमियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
इससे बिहार के मखाना को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने और वैश्विक स्तर पर इसकी ब्रांडिंग को बढ़ावा मिलेगा। भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, बेहतर पैकेजिंग और विपणन तथा कारीगरों और उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अंगदान के प्रति जागरूकता, ई-संजीवनी, विज्ञान एवं अनुसंधान, मस्तिष्क अनुसंधान, नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेश महतो, जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, अरविंद सिंह, वार्ड पार्षद अमित रंजन, जिला सह कोषाध्यक्ष साकेत शुभम, विकास कुमार, राघवेंद्र शर्मा, मोहन सहनी, किशोर सिंह, पूर्व पार्षद हरिओम महतो, सुरेश चौधरी, संजीत पासवान और हरिकिशोर राय सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।







