बिहार की बात/ पारू (मुजफ्फरपुर)। थाना क्षेत्र के बाजीतपुर गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाया नदी में डूबे 40 वर्षीय शंभु कुमार सिंह का शव गुरुवार को तीसरे दिन नदी में उपलाता हुआ मिला। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, बाजीतपुर गांव निवासी जयप्रकाश सिंह के पुत्र शंभु कुमार सिंह मंगलवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाया नदी में डूब गए थे। घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। गुरुवार को नदी में शव उपलाता देख लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। वह गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्रियां हैं।








