Home पटना पटना में पिज्जा हट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, कई खामियां उजागर,...

पटना में पिज्जा हट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, कई खामियां उजागर, पढ़िए…

14
0

बिहार की बात/ पटना। त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना के विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। 21 अक्टूबर को केएफसी, बार्बेक्यू नेशन और पिज्जा हट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी मानकों में कई कमियां मिलीं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया है।

जांच करते पदाधिकारी

जांच के दौरान बार्बेक्यू नेशन केपी मॉल, बुद्ध मार्ग में खराब दुर्गंध वाला 30 किलोग्राम पनीर और चार किलोग्राम चावल जब्त कर नष्ट कराया गया। इनकी कीमत 11,400 रुपये बताई गई है। वहीं, वॉश एरिया में भंडारण किए जाने के कारण 15 किलोग्राम पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। प्रतिष्ठान की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे हुए भी पाए गए। बार्बेक्यू नेशन, वन मॉल, फ्रेजर रोड में ब्रेड के पैकेट में कीड़े पाए गए। यहां जला हुआ 20 लीटर खाद्य तेल जब्त कर नष्ट कराया गया। विभाग ने जांच के लिए फ्रोजन मीट और लाल मिर्च पाउडर के नमूने भी लिए।

केएफसी, कंकड़बाग में फ्रोजन क्षेत्र में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। यहां से पैक्ड चिकन कट और पैक्ड वेजिटेबल जिंजर पैटी के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान को खाद्य पदार्थों के भंडारण में पहले आने वाले उत्पाद का पहले उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। केएफसी, बोरिंग कैनाल रोड में औद्योगिक उपयोग वाले 835 पीईटी गिलासों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई। यहां भंडारण क्षेत्र में जाने का रास्ता और सीढ़ी क्षतिग्रस्त तथा अस्वच्छ मिले। फ्रोजन क्षेत्र में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ भी एक साथ रखे पाए गए। विभाग ने फ्रोजन चिकन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। केएफसी, बेली रोड में रसोई की स्वच्छता संतोषजनक नहीं मिली। यहां से खुले मैदे का नमूना लिया गया। केएफसी, अनीसाबाद में शौचालय से दुर्गंध आने और भंडारण क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति खराब पाए जाने पर मेयोनीज का नमूना लिया गया। केएफसी, रीजेंट सिनेमा हॉल में मेन्यू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी नहीं अंकित थी और रसोई की स्वच्छता भी ठीक नहीं मिली। यहां से फ्रोजन चिकन का नमूना लिया गया।

आज के समाचार पत्र “बिहार की बात” में प्रकाशित खबर…!

बार्बेक्यू नेशन, आशियाना मोड़ में फ्रीजर में खाद्य पदार्थों के रखरखाव में कमियां और अनुज्ञप्ति में त्रुटियां पाई गईं। यहां से लाल मिर्च पाउडर का नमूना लिया गया। वहीं, पिज्जा हट, अनीसाबाद में दीवार पर लगे टाइल्स गंदे मिले और शौचालय की स्वच्छता संतोषजनक नहीं पाई गई। यहां से खुले मैदे का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार, विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित भंडारण, स्वच्छ पैकिंग, नियमित साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि खराब, दूषित या अनुपयोगी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल और बिक्री नहीं की जाए। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here