बिहार की बात/ मड़वन(मुजफ्फरपुर)। करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक स्थित इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटपाट की। बदमाशों ने सीएसपी संचालक विजय कुमार पर पिस्टल के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और 95 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बताया जाता है कि सीएसपी मार्केट में एक दुकान के पीछे गली में स्थित था, जिससे घटना के दौरान आसपास के लोगों को भनक नहीं लगी। वारदात की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि संचालक 95 हजार रुपये लेकर आए थे, जिसमें से कुछ राशि ग्राहकों को दी गई थी। शेष राशि में से कितनी रकम लूटी गई, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।






